ASTM Pipe and Fitting Metal Code Chart in Hindi: CS, LTCS और Alloy Steel की पूरी जानकारी

ASTM Pipe and Fitting Metal Code Chart in Hindi

अगर आप पाइपिंग फील्ड (Piping Field) से जुड़े हैं, तो फैब्रिकेशन और रिफाइनरी के कामों में सबसे महत्वपूर्ण कदम क्या होता है? — सही मटेरियल की पहचान करना चाहे आप एक अनुभवी पाइप फिटर हों, फैब्रिकेटर हों या साइट सुपरवाइजर, आपको यह अच्छी तरह पता होना चाहिए कि प्लांट में किस लाइन के लिए कौन सा पाइप या फिटिंग इस्तेमाल की जा रही है।

अक्सर इंटरव्यू में या साइट पर काम करते समय हमसे पूछा जाता है कि कार्बन स्टील का कोड क्या है? या LTCS पाइप का कोड क्या है? अगर हमें इसकी सटीक जानकारी न हो, तो न केवल काम में ही गलती होने का डर रहता है, बल्कि इंटरव्यू में भी सिलेक्शन रुक सकता है।

मटेरियल की इसी पहचान को पूरी दुनिया में एक समान और आसान बनाने के लिए ASTM (American Society for Testing and Materials) ने कुछ विशेष कोड और ग्रेड तय किए हैं, जिन्हें हम पाइप एवं फिटिंग मेटल कोड कहते हैं।

Industrial Pipes Flanges and Fittings ASTM Materials
चित्र. 1: यार्ड में रखा फिटिंग और पाइप 

इस आर्टिकल में हम CS (Carbon Steel), LTCS (Low Temperature Carbon Steel), Alloy Steel, और Inconel के पाइप, एल्बो (Elbow), टी (Tee), रिड्यूसर (Reducer) और फ्लैंज (Flange) के सभी महत्वपूर्ण ASTM मेटल कोड्स को बहुत ही आसान भाषा में समझेंगे। साथ ही, हमने आपके लिए आसान चार्ट्स (Images) भी शामिल किए हैं ताकि आप इन्हें हमेशा के लिए याद रख सकें।

{tocify} $title={Table of Content

ASTM Pipe & Fitting Metal Code क्या होता है?

ASTM का फुल फॉर्म American Society for Testing and Materials होता है। इसका ऑफिशियल नाम "ASTM इंटरनेशनल" है।

आसान शब्दों में कहें तो यह एक ऐसी संस्था (Organization) है जो दुनिया भर के उद्योगों के लिए मटेरियल की क्वालिटी, ताकत और सेफ्टी के नियम (Standards) तय करती है। आज इसके बनाए गए स्टैंडर्ड कोड को दुनिया के लगभग 140 देशों में उपयोग किया जाता है।

आखिर हमें ASTM कोड की ज़रूरत क्यों पड़ी?

मान लीजिए दोस्तों, अगर दुनिया में ऐसा कोई कोड न हो तो क्या होगा? कोई भी कंपनी कमजोर या लो-ग्रेड पाइप और फिटिंग बनाकर बेच देगी। साइट पर जब उस पाइपलाइन में हाई प्रेशर (ज्यादा दबाव) से केमिकल या गैस बहेगी, तो पाइप या फिटिंग डैमेज हो सकती है और बहुत बड़ा हादसा हो सकता है।

इसीलिए हमें ASTM कोड की ज़रूरत पड़ी ताकि:

‣ मटेरियल की सही पहचान हो सके: कोड देखकर फिटर तुरंत समझ जाता है कि यह Carbon Steel (CS) है, Stainless Steel (SS) है या Alloy Steel।

‣ मजबूती और भरोसा मिले: यह कोड गारंटी देता है कि यह पाइप फैब्रिकेशन शॉप में वेल्डिंग करने और साइट पर हाई प्रेशर और हाई टेम्परेचर (ज़्यादा तापमान) झेलने के लिए पूरी तरह पास है।

‣ दुनिया भर में एक समान काम हो: चाहे मटेरियल अमेरिका में बना हो, इंडिया में या किसी अन्य कंट्री मे बना हो —अगर उस पर एक ही ASTM कोड लिखा है, तो उसकी साइज, वेल्डिंग करने का तरीका और ताकत बिल्कुल एक बराबर होगी।

आइसोमेट्रिक ड्राइंग मटीरियल लिस्ट में पाइप ग्रेड की पहचान (Pipe Grade in Drawing)

​जब हम आइसोमेट्रिक ड्राइंग (Isometric Drawing) देख रहे होते हैं, तब ASTM कोड्स के ठीक आगे Gr. B, P12, या WPL6 जैसा कुछ लिखा हुआ दिखता है। कई फिटर भाई सोच में पड़ जाते हैं कि यह GR. शब्द क्या होता है? असल में इसे ग्रेड कहते हैं। आइये हमारे एक Isometric Drawing के Bill of Material (BOM) लिस्ट के द्वारा इसे समझते हैं:

आइसोमेट्रिक ड्राइंग मटीरियल लिस्ट में पाइप ग्रेड और कोड की पहचान (Pipe Grade in Drawing List)
​चित्र. 2: आइसोमेट्रिक ड्राइंग (Fabrication Materials List) में पाइप का साइज, कोड और ग्रेड की पहचान।


🔗 यह भी ज़रूर पढ़ें: अगर आप बिल्कुल शुरू से पाइपिंग आइसोमेट्रिक ड्राइंग को आसान भाषा में समझना चाहते हैं, तो हमारी यह आर्टिकल आपकी बहुत मदद करेगी: How to Read Piping Isometric Drawing

अगर आप ऊपर दी गई ड्राइंग के पहले नंबर (PT. NO 1) पर ध्यान देंगे तो वहाँ डिस्क्रिप्शन (PIPE 6" API 5L GR.B PSL2 SMLS BE SCH40) में लिखा हुआ है:

✅PIPE 6" यह पाइप का नॉमिनल साइज (Size) है, यानी पाइप 6 इंच का है।

✅API 5L / ASTM A106: यह मटीरियल का स्टैंडर्ड कोड है जो बताता है कि यह कार्बन स्टील (CS) का पाइप है।

✅GR. B (Grade B): यही वो ग्रेड शब्द है! यह हमें बताता है कि इस कार्बन स्टील पाइप की प्रेशर और लोड झेलने की ताकत कितनी है। यह फिटर और सुपरवाइजर को गारंटी देता है कि यह पाइप साइट पर हाई-प्रेशर और वेल्डिंग का लोड आसानी से झेल लेगा।

इसी तरह अगर आप ड्राइंग की नीचे वाली लाइनों में देखेंगे तो फिटिंग्स के लिए A234 GR.WPB और फ्लैंज के लिए A105N लिखा हुआ है, जो उनके अलग-अलग मटीरियल कोड और ग्रेड को दर्शाता है।

💡 फिटर भाई ध्यान दें: अगर आप इसी तरह आइसोमेट्रिक ड्राइंग और साइट के प्रैक्टिकल काम को वीडियो में बिल्कुल आसान तरीके से देखना चाहते हैं, तो हमारे YouTube Channel को अभी सब्सक्राइब कर लें। इसके अलावा रिफाइनरी काम की रोज़ाना अपडेट्स के लिए आप मुझसे LinkedIn और Instagram पर भी सीधे जुड़ सकते हैं!

1. CS और LTCS पाइप और फिटिंग्स के मुख्य ASTM कोड

चलिए दोस्तों, साइट पर सबसे ज़्यादा इस्तेमाल होने वाले CS (Carbon Steel) और LTCS (Low Temperature Carbon Steel) के सभी जरूरी कोड्स को इस आसान टेबल (चार्ट) के माध्यम से समझते हैं:

CS और LTCS पाइप और फिटिंग्स ASTM मेटल कोड चार्ट (Carbon Steel and LTCS Pipe Fittings Code List)
चित्र. 3: पाइप, फिटिंग्स और फ्लैंज का ASTM मेटल कोड चार्ट।


​CS Pipe Metal Code (कार्बन स्टील पाइप कोड)

​कार्बन स्टील (CS) पाइप का उपयोग (Normal Temperature) नॉर्मल तापमान और प्रेशर वाली लाइनों में किया जाता है इसके कोड्स निम्न होतें हैं:

⦾ ➤ ASTM A106 Grade A / B / C: यह कोड का इस्तेमाल रिफाइनरी और अन्य इंडस्ट्रीज मे सबसे ज्यादा उपयोग होने वाला कार्बन स्टील पाइप कोड है। इसका उपयोग हाई-टेंपरेचर (जैसे की स्टीम लाइन, तेल और गैस लाइन) में होता है और इसका सबसे ज्यादा Grade B उपयोग होता है

⦾ ➤ API 5L: इसका पूरा अर्थ अमेरिकन पेट्रोलियम इंस्टीट्यूट होता है। यह पाइप रिफाइनरी मे तेल और गैस को लंबी दूरी तक भेजने के लिए इसका इस्तेमाल किया जाता है इसमें Grade B से लेकर X42, X52, X60 आदि ग्रेड्स आते हैं।

⦾ ➤ ASTM A53 Grade A / B: यह पाइप सिम (Seam) और सीमलेस (Seamless) दोनों कैटगरी में आते है। इसका उपयोग नॉर्मल प्रेशर वाले कामों जैसे पानी, हवा या स्टीम की बेसिक यूटिलिटी लाइन्स में किया जाता है।

​CS Pipe Fittings Metal Code (कार्बन स्टील फिटिंग्स कोड)

जब पाइपलाइन में दिशा बदलनी हो साइज को छोटा-बड़ा करना हो या कोई नया ब्रांच कनेक्शन निकालनी हो तब हम फिटिंग्स का इस्तेमाल करते हैं फिटिंग का कोड पाइपों के कोड से अलग होते हैं 

⦾ ➤ एल्बो, टी, रिड्यूसर: साइट पर दिशा बदलने, ब्रांच निकालने या साइज छोटा-बड़ा करने के लिए जो बट-वेल्ड फिटिंग्स (जैसे 90°/45° एल्बो, टी और रिड्यूसर) यूज़ होती हैं, उनका सबसे स्टैंडर्ड कोड ASTM A234 WPB होता है।
 
🔗 यह भी पढ़ें: पाइपिंग यार्ड में इस्तेमाल होने वाली सभी फिटिंग्स को फुल डिटेल में समझने के लिए हमारा यह खास आर्टिकल देखें: Piping Fittings Types and Uses 

⦾ ➤ Flange, Weldolets, Nippolet (ASTM A105): जितने भी फॉर्ज़्ड (Forged) कंपोनेंट्स होते हैं जैसे फ्लैंज (Flanges) और ब्रांच कनेक्शन्स (Weldolet, Sockolet, Nipolet), उनके लिए मेटल कोड ASTM A105 का उपयोग किया जाता है।

LTCS Pipe Metal Code (लो टेम्परेचर कार्बन स्टील पाइप कोड)

जब किसी प्लांट में तरल गैस या ठंडे फ्यूल को जब बिलकुल ठण्डी (Minus Temperature) से गुजारा जाता है तो वहां नॉर्मल कार्बन स्टील पाइप कमजोर होकर क्रैक हो सकता है इसी लिए उस जगह पर हम LTCS (Low Temperature Carbon Steel) का उपयोग करते हैं।

⦾ ➤ ASTM A333: यह लो-टेम्परेचर यानी की ठंडी या माइनस तापमान वाली लाइनों के लिए सबसे स्टैंडर्ड सीमलेस और वेल्डेड पाइप कोड है। इसकी सबसे बड़ी Advantage यह है कि यह अधिक ठंड (लगभग -45°C तक के माइनस टेम्परेचर) सहने मे सक्षम रहता है और पाइप भी क्रेक नहीं होता। साइट पर सबसे ज़्यादा इसके Grade 6 (Gr. 6 का इस्तेमाल किया जाता है 

⦾ ➤ ASTM A350: इसका उपयोग लो-टेम्परेचर सर्विस वाले फॉर्ज़्ड फ्लैंज और फिटिंग्स के लिए किया जाता है (जैसे LF2 ग्रेड)।

⦾ ➤ ASTM A420: यह लो-टेम्परेचर पाइपिंग सिस्टम की फिटिंग्स का पैरेंट स्टैंडर्ड कोड है।

LTCS Pipe Fittings Metal Code (लो टेम्परेचर फिटिंग्स कोड)

लो-टेम्परेचर लाइनों में इस्तेमाल होने वाली बट-वेल्ड फिटिंग्स के कोड्स का ध्यान रखना बहुत जरूरी होता है। इसका सबसे बड़ा कारण यह है कि साइट या फैब्रिकेशन शॉप में फिट-अप करते समय हमें यह पक्का पता होना चाहिए कि नॉर्मल CS और LTCS की फिटिंग्स आपस में मिक्स न हो जाएं।

अगर गलती से भी माइनस टेम्परेचर वाली ठंडी लाइन में नॉर्मल कार्बन स्टील (CS) की फिटिंग लग गई तो अत्यधिक ठंड के कारण वह पाइपलाइन साइट पर क्रैक या डेमेज हो सकती है और भारी नुकसान हो सकता है। इसीलिए हमेशा फिट-अप से पहले ध्यान से कोड देखकर सही मटेरियल का मिलान करना बेहद ज़रूरी है।

⦾ ➤ Butt-weld Pipe Fittings (ASTM A420 WPL6): लो-टेम्परेचर कार्बन स्टील पाइप (A333) के साथ जोड़ी जाने वाली फिटिंग्स (Elbow, Tee, Reducer) के लिए हमेशा ASTM A420 WPL6 मेटल कोड का इस्तेमाल किया जाता है। यहाँ 'WPL6' यह सुनिश्चित करता है कि माइनस टेम्परेचर में भी फिटिंग के जॉइंट्स एकदम सेफ रहेंगे।

2. Alloy Steel (High-Temp) और Inconel के मुख्य ASTM कोड

अब हमारा दूसरा टॉपिक है CS और LTCS के बाद जो सबसे ज़्यादा उपयोग होता है वो Alloy Steel (जिसे क्रोम-मोली या हाई-टेम्परेचर लाइन भी कहते हैं) और Inconel मटीरियल। रिफाइनरी, बॉयलर, पावर प्लांट और केमिकल प्लांट में जहाँ Temperature और प्रेशर बहुत ही ज्यादा होता है, वहाँ इन्हीं मटीरियल का इस्तेमाल किया जाता है।

​चलिए, हमारे द्वारा नीचे दिए गए चार्ट की मदद से इनके सभी महत्वपूर्ण कोड्स को आसान भाषा में समझते हैं।
 
अलॉय स्टील और इनकोनेल पाइप और फिटिंग्स ASTM मेटल कोड चार्ट (Alloy Steel and Inconel Pipe Fittings Code List)
चित्र. 4: Alloy Steel पाइप, एल्बो और टी के कोड्स।


Alloy Steel (High-Temp) पाइप और फिटिंग्स के कोड

जब लाइनों में बहुत तेज़ तापमान और हाई प्रेशर होता है, तो नॉर्मल लोहा (CS) कमजोर पड़ जाता है। वहाँ क्रोमियम और मॉलिब्डेनम मिक्स स्टील का यूज़ होता है इस चार्ट के हिसाब से इसके कोड्स निम्न होते हैं:

⦾ ➤ Carbon Alloy High-Temp Pipe Metal Code (ASTM A335): जब बहुत ज़्यादा गर्म टेम्परेचर वाली लाइन हो, तो पाइप के लिए मुख्य रूप से ASTM A335 का इस्तेमाल होता है। इसमें सबसे ज़्यादा उपयोग होने वाले ग्रेड GR. P1, P2, P5, P7, P9, P11, P12, और P22 होते हैं।

⦾ ➤ Elbow, Tee, Reducer Code (ASTM A234): अलॉय स्टील लाइनों में दिशा बदलने या ब्रांच निकालने के लिए बट-वेल्ड फिटिंग्स का पैरेंट कोड ASTM A234 होता है। इसमें पाइप के हिसाब से GR. WP1, WP5, WP9, WP11, WP12, और WP22 जैसे ग्रेड्स आते हैं।

⦾ ➤ Flange Code (ASTM A182): अलॉय स्टील पाइपिंग सिस्टम में भारी और हाई-प्रेशर फ्लैंज को जोड़ने के लिए मेटल कोड ASTM A182 का उपयोग किया जाता है। इसमें मुख्य रूप से GR. F1, F5, F9, F11, F12, और F22 ग्रेड आते हैं।

Inconel Pipe & Fittings (इनकोनेल मटीरियल कोड)

इनकोनेल एक बहुत ही खास, मजबूत और महँगा मटीरियल है Nickel, Iron और Chromium का अलॉय। इसका इस्तेमाल ऐसी लाइनों में होता है जहाँ खतरनाक केमिकल या एसिड बहता है और तापमान बहुत ही ज्यादा होता है, ताकि मटीरियल कभी गले नहीं।

​​⦾ ➤ Inconel Pipe Metal Code (ASTM B167 / B444 / B423): रिफाइनरी और केमिकल प्लांट में जहाँ एसिड या कोरोज़िव लिक्विड बहता है, वहाँ इनकोनेल पाइप के लिए मुख्य रूप से ASTM A423 और B423 कोड का इस्तेमाल किया जाता है।

⦾ ➤ Elbow, Tee, Reducer Code (ASTM B366): इनकोनेल पाइपलाइन की बट-वेल्ड फिटिंग्स (जैसे कोहनी या टी कनेक्शन) तैयार करने के लिए रेडीमेड फिटिंग कोड ASTM B366 का इस्तेमाल होता है।

⦾ ➤ Flange, Weldolets, Nippolet Code (ASTM B564): जितने भी हैवी फॉर्ज़्ड कॉम्पोनेंट होते हैं जैसे कि इनकोनेल के फ्लैंज और ब्रांच कनेक्शंस (Weldolet, Nippolet), उनके लिए मेटल कोड ASTM B564 का उपयोग किया जाता है।

3. SS (Stainless Steel) और DSS के मुख्य ASTM कोड

दोस्तों, CS, LTCS और अलॉय स्टील के बाद उद्योगों में जो सबसे ज़्यादा चांदी जैसा चमकने वाला और भरोसेमंद मटीरियल उपयोग होता है, वो है Stainless Steel (SS) और Duplex Stainless Steel (DSS)। केमिकल प्लांट, डेयरी, और ऐसी जगहों पर जहाँ पाइप में पानी या जंग लगाने वाले लिक्विड बहते हैं, वहाँ लोहे को जंग से बचाने के लिए इन्हीं मटीरियल का इस्तेमाल किया जाता है।

​चलिए, हमारे द्वारा नीचे दिए गए चार्ट की मदद से इनके सभी महत्वपूर्ण कोड्स को अपनी बोलचाल की भाषा में समझते हैं:

SS और DSS पाइप और फिटिंग्स ASTM मेटल कोड चार्ट (Stainless Steel and Duplex Stainless Steel Pipe Fittings Code List)
चित्र. 5: Stainless Steel (SS) पाइप और फ्लैंज ग्रेड्स।

Stainless Steel (SS) पाइप और फिटिंग्स के कोड

स्टेनलेस स्टील यानी वो मटीरियल जिसमें कभी जंग (Rust) नहीं लगता। साइट पर इसके पाइप और फिटिंग्स के लिए जो कोड फिक्स किए गए हैं, वो इस प्रकार हैं:

​⦾ ➤ SS Stainless Steel Pipe Code (ASTM A312): जब प्लांट में स्टेनलेस स्टील का पाइप इस्तेमाल होना हो, तो उसका सबसे स्टैंडर्ड कोड ASTM A312 होता है। इसमें सबसे ज़्यादा काम आने वाले ग्रेड GR. TP304, TP310, TP316, TP317, TP321, और TP347 होते हैं। (नोट: जैसे इंटरव्यू में पूछते हैं ना, इनमें 'L' ग्रेड जैसे TP316L का मतलब लो-कार्बन होता है जो वेल्डिंग के लिए बेस्ट है)।

⦾ ​➤ SS Pipe Fittings Metal Code (ASTM A403): स्टेनलेस स्टील पाइपलाइन के लिए बट-वेल्ड फिटिंग्स—जैसे एल्बो, टी कनेक्शन या रिड्यूसर का मिलान करने के लिए हमेशा मेटल कोड ASTM A403 का इस्तेमाल किया जाता है।

⦾ ​➤ Flange, Weldolets, Nippolet Code (ASTM A182): ध्यान रहे दोस्तों, एसएस (SS) के जितने भी भारी फॉर्ज़्ड कॉम्पोनेंट यानी फ्लैंज और ओलेट्स होते हैं, उनके लिए मेटल कोड ASTM A182 तय किया गया है (यही कोड अलॉय स्टील के फ्लैंज के लिए भी यूज़ होता है)।

DSS (Duplex Stainless Steel) पाइप और फिटिंग्स के कोड

डुप्लेक्स स्टेनलेस स्टील (DSS) नॉर्मल स्टेनलेस स्टील से भी दो गुना ज़्यादा मजबूत और खतरनाक केमिकल्स को झेलने वाला मटीरियल होता है। जहाँ साधारण स्टील भी गल जाता है, वहाँ इसका उपयोग करते हैं:

⦾ ​➤ DSS Pipe Code (ASTM A790): डुप्लेक्स स्टेनलेस स्टील के मजबूत सीमलेस और वेल्डेड पाइपों की पहचान के लिए पैरेंट मेटल कोड ASTM A790 का उपयोग किया जाता है।

⦾ ➤ DSS Pipe Fittings Metal Code (ASTM A815): डुप्लेक्स पाइप के साथ जोड़ी जाने वाली बट-वेल्ड फिटिंग्स (जैसे एल्बो, टी, रिड्यूसर) के लिए स्पेशल कोड ASTM A815 का इस्तेमाल होता है।

⦾ ​➤ Flange, Weldolets, Nippolet Code (ASTM A182): एसएस की ही तरह, डुप्लेक्स मटीरियल के भी हैवी फॉर्ज़्ड फ्लैंज और ब्रांच कनेक्शंस (जैसे वेल्डोलेट, निप्पोलेट) के लिए ASTM A182 कोड का ही उपयोग किया जाता है।

पाइपिंग मटीरियल कोड से जुड़े कुछ ज़रूरी सवाल-जवाब (FAQs)

सवाल 1: भाई, साइट पर काम करते समय CS और LTCS फिटिंग्स आपस में मिक्स न हों, इसके लिए सबसे आसान तरीका क्या है?

जवाब: सबसे पहला और पक्का तरीका है कि फिट-अप से पहले मटीरियल पर स्टैम्पिंग (मार्किंग) चेक करें। कार्बन स्टील (CS) की फिटिंग पर A234 WPB लिखा होगा और लो-टेम्परेचर (LTCS) वाली फिटिंग पर A420 WPL6 लिखा होगा। इसके अलावा कई कम्पनियां गलती से बचने के लिए LTCS मटीरियल पर अलग रंग का पेंट या कोडिंग भी करके रखती हैं।


सवाल 2: इंटरव्यू में अक्सर पूछते हैं कि ASTM A106 और A53 पाइप में क्या अंतर है? दोनों तो कार्बन स्टील ही हैं?

जवाब: सीधा सा जवाब है भाई—ताकत और इस्तेमाल का अंतर है। ASTM A106 पाइप हाई-टेम्परेचर और हाई-प्रेशर वाली मुख्य लाइनों (जैसे स्टीम या ऑयल लाइन) के लिए बना है और यह हमेशा सीमलेस (Seamless) होता है। जबकि ASTM A53 पाइप नॉर्मल प्रेशर वाले कामों के लिए होता है, जैसे पानी या हवा की बेसिक यूटिलिटी लाइन्स, और यह सीम (वेल्डेड) और सीमलेस दोनों में आता है।


सवाल 3: स्टेनलेस स्टील (SS) के ग्रेड में जो 'L' लिखा होता है (जैसे 316L या 304L), उसका क्या मतलब होता है?

जवाब: यहाँ 'L' का मतलब होता है Low Carbon (कम कार्बन)। जिस SS मटीरियल में कार्बन की मात्रा कम होती है, उसकी वेल्डिंग करना बहुत आसान होता है और वेल्डिंग के बाद जॉइंट में कभी जंग या क्रैक आने का खतरा नहीं रहता। इसीलिए फैब्रिकेशन के लिए 'L' ग्रेड वाले पाइप बेस्ट माने जाते हैं।


सवाल 4: पाइप की ड्राइंग में मटीरियल कोड के आगे PSL1 या PSL2 लिखा रहता है, यह क्या है?

जवाब: PSL का फुल फॉर्म होता है Product Specification Level। यह पाइप की क्वालिटी और टेस्टिंग का लेवल बताता है। PSL1 नॉर्मल क्वालिटी का पाइप होता है, लेकिन PSL2 पाइप की बहुत कड़क टेस्टिंग (जैसे हाइड्रो-टेस्ट, रेडियोग्राफी) होती है। रिफाइनरी के अंदर जहाँ खतरा ज़्यादा होता है, वहाँ हमेशा PSL2 ग्रेड का ही पाइप इस्तेमाल किया जाता है।


सवाल 5: अलॉय स्टील (Alloy Steel) के कोड में जो P और F लिखे होते हैं (जैसे P11 या F11), उनमें क्या फर्क है?

जवाब: यह फिटर और सुपरवाइजर के लिए जानना बहुत ज़रूरी है! 'P' का मतलब होता है Pipe (यानी वह सीधा पाइप है, जैसे A333 या A335)। और 'F' का मतलब होता है Forged यानि फोर्ज करके बनाई गई भारी चीज़ें जैसे फ्लैंज (Flange) या थ्रेडेड फिटिंग्स। कोड एक जैसा होगा, बस पाइप के आगे P और फ्लैंज के आगे F लिखा मिलेगा।


निष्कर्ष (Conclusion)

​तो दोस्तों, ये थे रिफाइनरी और फैब्रिकेशन यार्ड में सबसे ज़्यादा इस्तेमाल होने वाले पाइप, फिटिंग्स और फ्लैंज के महत्वपूर्ण ASTM मेटल कोड्स और ग्रेड्स। चाहे लाइन माइनस टेम्परेचर की हो (LTCS) नॉर्मल प्रेशर की हो (CS) या फिर हाई-टेम्परेचर और एसिड वाली खतरनाक लाइनें (Alloy Steel & Inconel) — एक प्रोफेशनल पाइप फिटर या सुपरवाइजर होने के नाते इन कोड्स की सही समझ होना हमारी पहली ज़िम्मेदारी है। 

अगर हम कोड देखकर मटेरियल का सही मिलान करेंगे, तो साइट पर कभी कोई गलती नहीं होगी और प्लांट हमेशा सेफ रहेगा। उम्मीद है इस आर्टिकल और चार्ट्स की मदद से आपको मटीरियल कोड याद रखने में बहुत आसानी होगी। इसे अपने बाकी फिटर और फैब्रिकेटर भाइयों के साथ भी ज़रूर शेयर करें, ताकि साइट पर काम करते समय या इंटरव्यू देते समय किसी से कोई भूल न हो। जय हिन्द, सुरक्षित काम करें!

Golu Singh

नमस्ते मैं गोलू सिंह हूँ एक प्रोफेशनल पाइप फिटर और फैब्रिकेटर। इस ब्लॉग पर मैं पाइपिंग के अनुभव और काम के आसान तरीके साझा करता हूँ ताकि मेरे फिटर भाई अपनी स्किल बढ़ा सकें।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने